*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में फॉटो इको टूरिज्म जोन, तराई पश्चिमी वन प्रभाग सहित वन विभाग की राजस्व अर्जन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजनाओं के संचालन, निर्धारित शुल्क, अर्जित राजस्व तथा भविष्य में राजस्व वृद्धि की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की राजस्व अर्जन से जुड़ी सभी परियोजनाओं की योजना इस प्रकार तैयार की जाए कि उनकी स्थापना एवं संचालन लागत न्यूनतम रहे और उनसे अधिकतम राजस्व प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि परियोजनाएं केवल प्रारंभिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि दीर्घकालिक दृष्टिकोण से भी आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ होनी चाहिए। बड़े प्रोजेक्ट्स की स्वीकृति से पूर्व उनकी प्रॉपर स्क्रूटनी सुनिश्चित की जाए और अनुमोदन समिति में वित्त विशेषज्ञ को अनिवार्य रूप से सदस्य के रूप में शामिल किया जाए, ताकि वित्तीय व्यवहार्यता, लागत और दीर्घकालिक लाभ का समुचित आकलन हो सके।
उन्होंने फॉटो रेंज एवं चुना खान परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके संचालन को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने के निर्देश दिए। हाउसकीपिंग, साफ-सफाई एवं अन्य सहायक व्यवस्थाओं के प्रबंधन को आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से कराने की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा। साथ ही दोनों परियोजनाओं के संचालन एवं दीर्घकालिक स्थायित्व से जुड़ी संपूर्ण कार्ययोजना और एसओपी तैयार कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देने के निर्देश दिए।
