*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु की अध्यक्षता में शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क, मुनिकीरेती के निर्माण एवं विकास के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्क की प्रस्तावित परियोजना की रूपरेखा, निर्माण कार्यों, वित्तीय प्रबंधन तथा भविष्य में इसके संचालन एवं आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि पार्क का विकास इस प्रकार किया जाए कि इसमें सिविल वर्क न्यूनतम रखा जाए। पार्क की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता एवं पारिस्थितिक संतुलन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। परियोजना का मूल उद्देश्य प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखते हुए जैव विविधता को अधिक से अधिक विकसित करना होना चाहिए। अनावश्यक निर्माण से बचते हुए उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए, इससे पार्क की नैसर्गिकता भी बनी रहेगी और अनावश्यक व्यय भी कम होगा।
उन्होंने परियोजना को दो चरणों में विकसित करने के निर्देश दिए। प्रथम चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसका मुख्य उद्देश्य पार्क को आकर्षक, पर्यटकों के लिए सुविधाजनक तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना होगा। प्रथम चरण की सफलता के बाद द्वितीय चरण में 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का और विस्तार कर इसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरणीय संवेदनशीलता, पर्यटक आकर्षण और दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता को विशेष प्राथमिकता देने को कहा।
