*देहरादून, 18 नवंबर 2026:* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में बिना स्वीकृत तलपट मानचित्र के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार श्रीराम कॉलेज, शेरपुर, सेलाकुई के निकट लगभग 8 से 10 बीघा क्षेत्रफल में अनाधिकृत प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर बिना स्वीकृत मानचित्र के सड़क का चिन्हीकरण कर प्लॉटिंग विकसित करने का मामला सामने आया, जो नियोजन नियमों के विपरीत था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एमडीडीए ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम) के प्रावधानों के अंतर्गत संबंधित पक्ष के विरुद्ध प्राधिकरण में वाद दायर किया। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थल पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और जरूरी अनुमतियों के किसी भी प्रकार का विकास कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एमडीडीए का कहना है कि बिना स्वीकृति की जा रही प्लॉटिंग न केवल मास्टर प्लान को प्रभावित करती है, बल्कि इससे भविष्य में सड़क, जल निकासी, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले भू-उपयोग, स्वीकृत लेआउट और एमडीडीए से प्राप्त अनुमतियों की जांच अवश्य करें। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
