मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को कोलागढ़ में कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48.44 करोड़ रुपये की 23 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 29.41 करोड़ की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 19.03 करोड़ की 13 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

घोषणाओं में शास्त्रीनगर नाले का पुनर्निर्माण, हरवंश कपूर इंटर कॉलेज परिसर में डिग्री कॉलेज खोलना, कांवली रोड का चौड़ीकरण और लोक निर्माण विभाग से 5 करोड़ की सड़कों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा यमुना कॉलोनी, इंद्रापुरम और हिंदलोक कॉलोनी में एक-एक ट्यूबवेल, गोविंदगढ़ में पेयजल लाइन सुदृढ़ीकरण और विजय पार्क पेयजल योजना को कार्ययोजना में शामिल करने की घोषणा की गई। प्रेमनगर को नगर पालिका में शामिल करने की कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित शहर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी आशीष चौहान सहित कई गणमान्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *