मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व (बूढ़ी दीपावली) की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराएं और लोकपर्व हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इगास पर्व लोक आस्था, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई ऊर्जा मिली है। उत्तराखंड में भी इगास के प्रति उत्साह बढ़ा है। राज्य सरकार ने लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए इगास पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की है, ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मना सकें।
मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी से अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं को जानने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अपने गांवों में लोकपर्व मनाने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
