देहरादून
लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले पुलिस अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव करते हुए तीन जिलों के पुलिस कप्तान को बदल दिया गया है। इसके साथ ही एक महिला आईपीएस अधिकारी से जिले की कमान हटाकर उन्हें पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारी देना या फिर उनके कार्य क्षेत्र में बदलाव करना हालांकि यह एक रूटीन प्रक्रिया है, लेकिन लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले पुलिस कप्तानों के कार्य क्षेत्र में बदलाव एक बड़ी बात है। क्योंकि पिछले काफी समय से जिलों की जिम्मेदारी निभा रहे यह पुलिस अधिकारी लोकसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त थे और अपने स्तर से वह रणनीति बना रहे थे।
इस प्रक्रिया में पिथौरागढ़, पौड़ी और चमोली के पुलिस कप्तान को बदला गया है। वहीं पौड़ी की एसएसपी श्वेता चौबे को पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है। लोकेश्वर सिंह को पौड़ी का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। रेखा यादव को पिथौरागढ़ और
सर्वेश पंवार को चमोली के पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
