*देहरादून*
गुरुवार को गढ़वाल के सतपुली में भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी हुई। इस शराब को कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने बीजेपी का बताया। अब इस मामले में बीजेपी ने पार्टी की छवि धूमिल करने के आरोप में चुनाव आयोग से शिकायत करने का फैसला किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि मामले में कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के आरोप मनगढंत और पार्टी की छवि खराब करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी जिस कथित प्लांट के जरिए शराब पहुंचाने की बात कर रहे हैं वह जनवरी माह मे बन्द हो चुकी है। पार्टी इसके विरोध मे निर्वाचन आयोग मे शिकायत करेगी। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश के अंदर आदर्श आचार संहिता लगी हुई है। ऐसी स्थिति में बिना किसी प्रामाणिकता के, बिना सोचे समझे निराधार आरोप लगाना आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि अनिल बलूनी की साफ, स्वच्छ एवं बेदाग छवि है, जिसको कांग्रेस धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। गढ़वाल की जनता कांग्रेस उम्मीदवार को चुनाव में करारा जवाब देगी।
