1. उत्तराखंड में मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव और शीतलहर को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों को संजीदगी बरतने के निर्देश दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उत्तराखंड में शीतलहर के प्रकोप से बचाव के लिए पौड़ी जिले के लिए 15 लाख और अन्य बाकी 12 जिलों को 10 -10 लाख (कुल ₹135 लाख) आवंटित किए गए हैं। मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में राज्य आपदा मोचन निधि एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के प्रस्तावों के अनुमोदन हेतु राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर सचिव आपदा रंजीत कुमार सिन्हा और वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी सहित शासन से अन्य वरिष्ठ उच्चाधिकारी मौजूद थे। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति में प्रस्तावों के लाने से पूर्व जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय मूल्यांकन समिति द्वारा प्रस्तावों की जांच अनिवार्य रूप से करा ली जाए। उन्होंने सभी जनपदों से सुझाव मांगते हुए प्रस्तावों के अनुमोदन के लिए एक समान प्रक्रिया अपनाए जाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *