देहरादून-: थाना रायपुर के नालापानी क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में घुसकर रेस्टोरेंट मालिक से सैलरी के नाम पर 12 हज़ार रुपये की जबरन वसूली करने वाले एक पूर्व कर्मी समेत उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्तो की कथित तौर पर यूकेडी के कार्यकर्ता होने की बात सामने आई है। नामजद अभियुक्तो में एक अभियुक्त आशुतोष नेगी पौड़ी जनपद में हिस्ट्रीशीटर है।उसके खिलाफ पौड़ी समेत कर्णप्रयाग, प्रेमनगर में मुकदमे भी दर्ज है।

 

आज बुधवार को वादी आशीष शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर दी कि वह नालापानी चौक में रजवाड़ा नाम के रेस्टोरेंट में प्रबंधक है और उनके रेस्टोरेंट में शौकीन सिंह पुत्र साहूकार सिंह निवासी कंदार गांव घनसाली टिहरी गढ़वाल, शेफ के तौर पर कार्य करता है। उन्होंने बताया कि शौकीन सिंह नौकरी के दौरान ढंग से काम नही करता था।उसके द्वारा विदेश जाने की बात कहते हुए मात्र 20 दिन काम कर 25 फरवरी को काम छोड़ दिया गया।वादी ने बताया कि आज बुधवार शाम शौकीन सिंह अपने साथ 6-7 लोगों को लेकर आया जिनके द्वारा खुद को यूकेडी का कार्यकर्ता बताया गया था। उक्त युवको में से दो व्यक्तियों द्वारा अपना नाम आशुतोष नेगी व आशीष नेगी बताया गया था। उनके द्वारा रेस्टोरेंट के मालिक डॉ0 दीपक गुप्ता व अन्य स्टाफ के साथ बत्तमीजी की गई व जबरदस्ती रेस्टोरेंट में हो हल्ला काटकर वादी व उनके मालिक पर सैलरी के नाम पर 12 हज़ार 600 रुपये जबरन वसूल कर लिए। अभियुक्तो द्वारा वादी व रेस्टोरेंट मालिक को होटल को मार्किट में बदनाम करने की धमकी देते हुए पैसे मांगे गए। वादीगणों द्वारा जब उनकी बात नही मानी तो अभियुक्तो द्वारा उनको जूते से मारा व अपमानिक बाते करते हुए गालीगलौच व जान से मारने की धमकी दी गयी।

वादी की शिकायत पर थाना रायपुर ने आशुतोष नेगी, आशीष नेगी व अन्य के विरुद्ध धारा 196/ 308(5)/ 351(2)/ 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है।

थाना रायपुर पुलिस को प्राथमिक जांच में आशुतोष नेगी के खिलाफ जनपद पौड़ी में हिस्ट्रीशीट खुली होने की जानकारी हुई है। जिसके खिलाफ पौड़ी के कोटद्वार, लैंसडौन,पौड़ी कोतवाली सहित कोतवाली कर्णप्रयाग व प्रेमनगर में कुल 9 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *