केदारनाथ धाम के दो मई को कपाट खुल चुके हैं। इस बीच केदारनाथ में एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। लेकिन इस बीच कुछ लोग केदारनाथ धाम में धाम की पवित्रता को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। केदारनाथ धाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मंदिर के पीछे डीजे की धुन पर कुछ लोग नाचते हुए नज़र आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कब का है अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कपाट खुलने से पहले का वीडियो है। इस वीडियो के सामने आने लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है।

 

रुद्रप्रयाग पुलिस कार्यालय ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो कल से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कुछ युवक धार्मिक स्थल की गरिमा के विपरीत आचरण कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच में यह सामने आया है कि यह वीडियो केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद का नहीं है। बावजूद इसके, इस तरह की गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की सत्यता, समय और शामिल व्यक्तियों की पहचान के लिए सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *