टनकपुर

इस अवसर पर टनकपुर के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से न केवल सड़कों और राजमार्गों का काम चल रहा है, बल्कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 87 विस्तार पर दीवारों का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले में सरयू और गोमदी नदी पर दो पुलों की मरम्मत का कार्य भी 5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटकों को लाभ होगा बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी आवागमन आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पर्यावरण को कोई नुकसान पहुंचाए बिना स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं क्षेत्र के लिए 2217 करोड़ रुपये की 8 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करने पर केंद्रीय मंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मेरे लिए इन सभी परियोजनाओं का भूमि पूजन होना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस क्षेत्र के विधायक के रूप में मैंने इन योजनाओं के भूमि पूजन का जो स्वप्न देखा था वह स्वप्न आज पूर्ण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना हमारी प्राथमिकता है। हम निरंतर इस दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। हमारी सड़कें विकास की द्योतक हैं, ये वो पथ है जिस पर आगे बढ़कर सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड का स्वप्न साकार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में प्रदेश में जिस स्तर पर सड़कों का निर्माण कार्य किया जा रहा है वह अभूतपूर्व है। राज्य में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व लोक निर्माण विभाग द्वारा मिलकर अनेक परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमने चार धाम सड़क परियोजना की ही तरह मानसखंड कॉरिडोर को भी राज्य का फ्लैगशिप प्रोजेक्ट तय कर इस पर कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। हम प्रदेश में केवल नए मार्गों का ही निर्माण नहीं कर रहे बल्कि इन पर आवाजाही को सुरक्षित करने पर भी कार्य कर रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के मार्गदर्शन में हमारे सीमांत इलाकों तक सड़कों का नेटवर्क बन रहा है। सामरिक दृष्टि से अतिमहत्वपूर्ण इस सड़क नेटवर्क की जरुरत वर्षों से महसूस की जा रही थी और आज डबल इंजन की सरकार दशकों से लंबित कार्यों को पूर्ण करने का कार्य कर रही है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चारधामों के साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मन्दिरों के जीर्णोद्धार का संकल्प लिया है। जिसके तहत केदारनाथ, बद्रीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के साथ ही टनकपुर-पिथौरागढ़ की सड़क कनेक्टिविटी में सुधार के लिए चारधाम आल वेदर सड़क परियोजना पर वृहद स्तर पर कार्य चल रहा है। साथ ही दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य भी तीव्र गति से चल रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश कह रहा है कि ‘मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी’। प्रधानमंत्री जी ने सड़कों के विकास, नए हवाई अड्डों का निर्माण, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों को मूल सुविधाएं देने की गारंटी दी है और सभी देख रहे हैं कि आज इनमें से अधिकतर गारंटियां पूरी हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *