*गदरपुर, ऊधम सिंह नगर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने एक दिवसीय गदरपुर-रुद्रपुर भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बटालियन, गदरपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और जवानों से संवाद कर आपदा प्रबंधन की तैयारियों और राहत-बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। ऐसे में एनडीआरएफ जैसी संस्थाओं की भूमिका जनजीवन की सुरक्षा और आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक आधुनिक, सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में शीघ्र और समन्वित कार्रवाई हो सके।
*जवानों के साहस और समर्पण की सराहना*
सीएम धामी ने एनडीआरएफ के अधिकारियों एवं जवानों के साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी एनडीआरएफ के जवान पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ मानव जीवन की रक्षा करते हैं। उनका अनुशासन, दक्षता और सेवा भाव पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
*पर्यावरण संरक्षण पर दिया बल*
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण का आह्वान किया। कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक, नियमित प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता दी जाए, जिससे राहत एवं बचाव कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बटालियन की कार्यप्रणाली, संसाधनों, प्रशिक्षण गतिविधियों और आपदा राहत अभियानों की जानकारी दी।
