*खटीमा, ऊधम सिंह नगर, 01 अगस्त 2026।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*’सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र पर काम*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता से परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सीएम ने कहा कि सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ काम कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी जब नागरिक को समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले।
*दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को बांटे उपकरण*
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण और 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इसमें शामिल हैं:
*11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हील चेयर, 18 कमोड चेयर, 06 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी ब्रेस, 13 बैसाखी* के साथ वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर।
*महिला समूहों को सौंपे वाहन*
ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन की चाबी सौंपी। वहीं एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों पर भी चर्चा की और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
