*देहरादून।* 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया।
योग सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने सभी से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण का प्रभावी माध्यम बन गया है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है। यह मानसिक शांति, आत्मानुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का सशक्त माध्यम है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 21 जून को योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और योग को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
