राज्य-जनपद स्तर पर खेल, मैराथन, रक्तदान और वृक्षारोपण के निर्देश

*देहरादून, 29 जुलाई 2026 (सू. ब्यूरो)।* 80वें स्वतंत्रता दिवस को प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में हुई बैठक में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहे। राज्य और जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के साथ ब्लड डोनेशन कैंप, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल-बाइक-कार रैली जैसे कार्यक्रम कराए जाएं। प्रदेश के मुख्य शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, आर्मी, पैरामिलिट्री और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही जल संरक्षण-संवर्द्धन और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

*ध्वजारोहण का समय तय*

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त को सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून को छोड़कर अन्य सभी जनपदों में जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। देहरादून के सभी सरकारी-गैर सरकारी भवनों पर प्रातः 9 बजे विभागाध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।

*गीत, प्रभात फेरी और प्रकाश व्यवस्था*

14 अगस्त 2026 को सायं 6 बजे से रात 9 बजे तक और 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश और जनपद मुख्यालयों के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत बजाए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय पर कवि सम्मेलन-मुशायरा होगा। सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को कम वोल्टेज के एलईडी बल्ब से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थाओं में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकलेगी। इसके बाद झंडारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद, गोष्ठी, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

*बैठक में ये रहे मौजूद*

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान और जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *