निर्माण कार्य समय पर पूरे करें, गेस्ट फैकल्टी नियुक्ति में देरी पर जताई नाराजगी
*देहरादून, 29 जुलाई 2026।* तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में परीक्षा प्रबंधन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को एक विश्वसनीय तंत्र विकसित करना होगा ताकि परीक्षाओं में सुचिता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनी रहे।
बुधवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन व प्रशिक्षण के लिए शैक्षणिक कैलेंडर तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम एफडीपी कैलेंडर लागू करना अनिवार्य होगा।
*अनियमितता पर कुलपति-परीक्षा नियंत्रक होंगे जिम्मेदार*
शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि भविष्य में परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितताओं के लिए कुलपति, कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रक को पूर्ण रूप से जिम्मेदार माना जाएगा और उनके खिलाफ नकल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में 480 गेस्ट फैकल्टी के पदों पर नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव एक माह से शासन स्तर पर लम्बित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो।
*निर्माण कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश*
बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने राजकीय पॉलिटेक्निक और प्रौद्योगिकी संस्थानों में चल रहे निर्माण कार्यों की संस्थानवार समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि नियत समय पर कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने तकनीकी संस्थानों में लम्बे समय से रिक्त शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों को शीघ्र भरने के भी निर्देश दिए।
