*शादी के 8 महीने बाद हुई सृष्टि की मौत, मां ने लगाया ससुराल पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप*
*”मनहूस कहकर करते थे टॉर्चर”: दहेज उत्पीड़न में सचिवालय कर्मी पति समेत 3 पर केस*
*डोईवाला, देहरादून, 30 जुलाई 2026।* डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका की मां सीमा कंडारी ने ससुराल पक्ष पर दहेज और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी।
*8 महीने पहले हुई थी शादी*
शिकायत के अनुसार सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला, दिल्ली फार्म निवासी सौरभ रतूड़ी से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात है और सृष्टि सरकारी टीचर थी। मां का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज और अन्य बातों को लेकर सृष्टि को अपमानित करते थे और उसे “मनहूस” कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
मां ने बताया कि जनवरी में ससुर को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद पति और सास ने पंडित से पूछकर यह मान लिया कि बहू के आने से घर में अनिष्ट हुआ है। इसके बाद से प्रताड़ना और बढ़ गई।
*28-29 जुलाई को नहीं हुई बात, फिर मिली मौत की खबर*
सीमा कंडारी ने बताया कि 28 और 29 जुलाई को बेटी से बात नहीं हो पाई। किसी जानकार को ससुराल भेजा तो पता चला कि सृष्टि की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो पता चला कि सृष्टि की मौत हो चुकी है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने मौत की जानकारी भी समय पर नहीं दी।
मां ने यह भी बताया कि सृष्टि की मौत से 3 दिन पहले ही ससुर का निधन हो गया था, जिसके बाद ससुराल पक्ष का टॉर्चर और बढ़ गया था।
*पुलिस ने की मुकदमा दर्ज, सीओ को सौंपी जांच*
डोईवाला थाना पुलिस ने मृतका के पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसकी जांच की जा रही है।
