*हरिद्वार, 30 जुलाई 2026।* संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को भगवानपुर के चुड़ियाला में “समरसता संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कलश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर प्रदेशभर में संचालित करने का संकल्प भी लिया।

 

चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की और कलश को सिर पर रखकर सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे।

*”जन्म नहीं, श्रेष्ठ कर्म बनाते हैं महान”*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को यह शिक्षा दी कि कोई व्यक्ति जन्म से बड़ा नहीं होता, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है। उन्होंने कहा कि भेदभाव समाप्त किए बिना सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर काम कर रही है। उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से गरीब, दलित और वंचित तक सुविधाएं पहुंच रही हैं। ये योजनाएं संत रविदास के समरस समाज के सपने को साकार कर रही हैं।

*भगवानपुर को मिली करोड़ों की सौगात*

सीएम ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। इसमें बहादुरपुर-सोनाली में 12 करोड़ से बाढ़ सुरक्षा कार्य, 3 करोड़ से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ से आधुनिक विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट और 8 करोड़ से नवीन तहसील भवन शामिल हैं।

*प्रदेशभर में जाएगी कलश यात्रा*

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के माध्यम से देशभर पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान कर यात्रा को जिलों में संचालित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित संतगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *