*IMD की चेतावनी: 31 जुलाई को देहरादून समेत 8 जिलों में भारी वर्षा, SEOC ने दिए निर्देश*

*CM धामी के निर्देश: राहत-बचाव दल तैयार, स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता.

*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने राज्य के 8 जनपदों में 31 जुलाई को भारी वर्षा और फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। इसके बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र SEOC ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

 

*CM धामी के निर्देश, राहत दल तैयार*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर SEOC ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे हैं। निर्देश दिए गए हैं कि जनपद स्तर पर राहत एवं बचाव दलों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाए और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, मार्ग अवरुद्ध होने पर तत्काल खोलने और पुलिस, SDRF, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, ग्रामीण निर्माण, BRO सहित सभी विभागों में समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

 

*स्कूलों की सुरक्षा और यात्रा पर सलाह*

प्रशासन को विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने को कहा गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

 

*क्या करें आमजन*

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें। नदी-नालों के समीप न जाएं और अनावश्यक यात्रा न करें।

 

किसी भी आपात स्थिति में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर *1070*, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष *1077* या आपातकालीन सेवा *112* पर संपर्क करें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *