*कृषि मंत्री गणेश जोशी ने की योजनाओं की समीक्षा, चाय की ब्रांडिंग और किसानों के भुगतान शीघ्र करने के निर्देश*
* मांगी, सेब-कीवी के लंबित भुगतान जल्द जारी होंगे*
*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*उत्तराखंड की चाय की ब्रांडिंग पर जोर*
बैठक में मंत्री जोशी ने उत्तराखंड की चाय के व्यापक प्रचार-प्रसार, आकर्षक पैकेजिंग और प्रभावी ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने किसान भवन, देहरादून में उपयुक्त स्थान पर टी-आउटलेट स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि राज्य की चाय के साथ जैविक उत्पादों को भी बेहतर बाजार और पहचान मिल सके।
*फसल नुकसान की रोजाना मॉनिटरिंग*
लगातार बारिश के कारण जिन किसानों की फसलें बाजार तक नहीं पहुंच पा रही हैं, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही बरसात से फसलों को हुए नुकसान की नियमित मॉनिटरिंग और आकलन कर प्रतिदिन की रिपोर्ट मंत्रालय को भेजने को कहा।
*लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने के आदेश*
कृषि मंत्री ने सेब, कीवी, ड्रैगन फ्रूट सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। नाबार्ड के माध्यम से प्रदेशभर में संचालित पॉलीहाउस निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्माण में तेजी लाने और समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कृषि से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
