*शिक्षा विभाग की समीक्षा: पदोन्नति-स्थानांतरण में तेजी लाने के निर्देश, 8-9 अगस्त को कार्यशाला*
*बजट लापरवाही बर्दाश्त नहीं: मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों की जवाबदेही तय की*
*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* समग्र शिक्षा के तहत केंद्र सरकार से स्वीकृत बजट समय पर खर्च न करने पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने भविष्य में नियत समय पर धनराशि खर्च करने और राज्यांश भी व्यय करने के सख्त निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने अपने शासकीय आवास पर विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में वित्त नियंत्रक और अन्य अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि बजट व्यय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
*पदोन्नति और स्थानांतरण में तेजी*
मंत्री डॉ. रावत ने विभागीय अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया और वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को न्याय मिलेगा और अनुरोध व अनिवार्य स्थानांतरण का लाभ मिल सकेगा।
*8-9 अगस्त को देहरादून में दो दिवसीय कार्यशाला*
बैठक में पीएम-पोषण और समग्र शिक्षा अभियान को लेकर भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने बताया कि 8 और 9 अगस्त को देहरादून में दो दिवसीय कार्यशाला होगी। इसमें सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और डायट के प्राचार्य भाग लेंगे। हर जनपद समग्र शिक्षा के तहत किए गए नवाचार और बेहतर कार्यों का प्रस्तुतिकरण देगा।
*योजनाओं का भौतिक सत्यापन*
डॉ. रावत ने महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित आईसीटी लैब, वर्चुअल क्लास, स्मार्ट क्लास सहित सभी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने को कहा ताकि पूरी हो चुकी योजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया जा सके।
उन्होंने 200 विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को सुचारू रखने के लिए नई संस्था के चयन तक पूर्व की संस्था से ही काम लेने के निर्देश भी दिए ताकि बोर्ड परीक्षा की पढ़ाई बाधित न हो।
