*उत्तराखंड में रेशम उद्योग को बढ़ावा, 2 लाख शहतूत पौधे रोपे: मंत्री गणेश जोशी*

*रेशम कीटपालकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी, मंत्री ने मांगी विशेष कार्ययोजना*

*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में रेशम निदेशक प्रदीप कुमार के साथ रेशम विभाग की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

*हल्द्वानी में प्रस्तावित सिल्क पार्क*

बैठक में मंत्री जोशी ने कुमाऊँ मंडल के हल्द्वानी, जनपद नैनीताल में सिल्क पार्क स्थापित करने की संभावनाओं का फिजिबिलिटी स्टडी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिल्क पार्क से रेशम उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे प्रदेश के रेशम कीटपालकों और किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

*आधुनिक तकनीक से उत्पादन में वृद्धि*

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश के रेशम कीटपालकों को आधुनिक तकनीकों और नवाचारों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकतम रेशम उत्पादन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा। वैज्ञानिक पद्धतियों, उन्नत तकनीक और बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से रेशम की गुणवत्ता और उत्पादकता बढ़ाने पर जोर दिया ताकि उत्तराखंड का रेशम उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंच सके।

*2 लाख से अधिक शहतूत पौधों का रोपण*

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मानसून काल के दौरान शहतूत वृक्षारोपण अभियान के तहत प्रदेश में 2 लाख से अधिक शहतूत के पौधे लगाए जा चुके हैं। यह अभियान रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *