*बिना नक्शे के निर्माण पर सख्ती, एमडीए ने सोनिया विहार और गुमानीवाला में की कार्रवाई*
*अवैध प्लाटिंग-बिल्डिंग के खिलाफ एमडीए अभियान जारी, उपाध्यक्ष ने दी चेतावनी*
*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के हो रहे निर्माण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। प्राधिकरण ने देहरादून और ऋषिकेश में दो अलग-अलग स्थानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया और एक बहुमंजिला भवन को सील कर दिया।

*देहरादून: 4 बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त*
एमडीए टीम ने सोनिया विहार, नवादा रोड, देहरादून में कार्रवाई की। यहां बृजेश कुमार, नीलकंठ जोशी, दमयन्ती कण्डवाल, गिरिजा सेमवाल, सुनीता भट्ट तथा सुरेन्द्र सिंह पंवार द्वारा लगभग चार बीघा भूमि पर भू-विन्यास और डिमार्केशन का काम किया जा रहा था। जांच में तलपट मानचित्र एमडीए से स्वीकृत न होने की पुष्टि हुई। उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 (संशोधित) के तहत वाद दर्ज कर पूरी अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
*ऋषिकेश: 5 मंजिला अवैध भवन सील*
ऋषिकेश के नेगी मोहल्ला, गुमानीवाला क्षेत्र में भवन स्वामी भावेश जोशी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के भूतल से चौथे तल तक बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण द्वारा नोटिस के बाद संतोषजनक जवाब न मिलने पर पूरे अवैध भवन को सील कर दिया गया।
*नियमित अभियान जारी: एमडीडीए*
एमडीए अधिकारियों ने कहा कि शहर में सुनियोजित विकास और नागरिकों को अवैध कॉलोनियों से बचाने के लिए नियमित अभियान चलाया जा रहा है।
*उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी* ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य नियोजित एवं सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। बिना स्वीकृति की प्लाटिंग और निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि भविष्य में नागरिकों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा करता है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी।
*सचिव मोहन सिंह बर्निया* ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संपत्ति की खरीद या निर्माण से पहले एमडीडीए से स्वीकृति की पुष्टि अवश्य करें, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
