*चारधाम यात्रा और बुग्यालों के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों ने सीएम धामी का जताया आभार*
*कैंप कार्यालय में जन सुनवाई: समयबद्ध राहत देने के अधिकारियों को निर्देश*
*देहरादून, 31 जुलाई 2026।* मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।
*चारधाम यात्रा पर जताया आभार*
इस अवसर पर केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट की। उन्होंने इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा सहित चारधाम यात्रा के सफल और सकुशल संचालन के लिए सीएम धामी का आभार व्यक्त किया। कहा कि सरकार की निरंतर निगरानी और बेहतर प्रबंधन से श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
*बुग्यालों के मुद्दे पर चर्चा*
विधायक श्री भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ भेंट की। उन्होंने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों में स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनसे बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आजीविका जुड़ी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय रोजगार और पर्यटन के बीच संतुलन स्थापित करने का काम कर रही है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार के विकास प्रयास सराहनीय हैं। स्थानीय हितों, पर्यावरण और पर्यटन के बीच समन्वय से पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के हर क्षेत्र का संतुलित विकास है। अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सचिव श्री विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त श्री आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, अपर सचिव श्री जे. सी कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
