*देहरादून, 02 अगस्त 2026।* मुख्यमंत्री धामी से मुख्यमंत्री आवास पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील जनपद में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा संस्थान की स्थापना से न केवल स्थानीय जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल का स्वास्थ्य ढांचा भी मजबूत होगा। राज्य सरकार इस दिशा में सकारात्मक और ठोस कदम उठाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं और आधुनिक सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए चिकित्सा अवसंरचना, मेडिकल-नर्सिंग शिक्षा, चिकित्सकों की उपलब्धता और आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित संस्थानों पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयुष्मान भारत, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन और मेडिकल संस्थानों की वृद्धि से राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी की स्वास्थ्य आवश्यकताओं और मेडिकल कॉलेज स्थापना के प्रस्तावों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक किशोर उपाध्याय ने इसे क्षेत्र की दीर्घकालिक आवश्यकता बताया।
मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन दिया और कहा कि स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता से उठाए जाएंगे।
