*देहरादून।* थाना राजपुर पुलिस ने नाबालिग युवती के अपहरण के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए पीड़िता की माँ सहित 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 05 जुलाई 2026 को नीलम देवी निवासी नागल हटनाला, सहस्त्रधारा रोड ने थाना राजपुर में अपनी 15 वर्षीय बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर जांच में पता चला कि नाबालिग मुजफ्फरनगर में है। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर अभियुक्त मनीष पुत्र राजकुमार निवासी जानसठ और लवी कुमार पुत्र बिल्लू निवासी मेरठ को गिरफ्तार कर नाबालिग युवती को सकुशल बरामद किया।

 

पूछताछ में पूरे मामले का चौंकाने वाला सच सामने आया। अभियुक्त लवी ने बताया कि पिंकी मलिक के माध्यम से उसने नाबालिग को उसकी माँ नीलम देवी से डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था और आगे 2 लाख रुपये में मनीष को बेच दिया। सौदे की पूरी रकम न मिलने और पकड़े जाने के डर से नीलम देवी ने अपनी बेटी के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के आधार पर पिंकी मलिक निवासी मुजफ्फरनगर और नीलम देवी निवासी देहरादून को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में BNS की धारा 64, 65, 87, 143 व पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस अब अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, उ0नि0 अनित कुमार, म0उ0नि0 सीमा चौहान व एसओजी टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *