*चंडीगढ़/देहरादून, 5 अगस्त 2026*
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि उत्तराखंड और हरियाणा मिलकर सहकारिता के क्षेत्र में काम करेंगे। दोनों राज्य अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान कर सहकारिता आंदोलन को नई दिशा देंगे।
डॉ. रावत ने मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव एपेक्स बैंक लिमिटेड के मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बैंक की कार्यप्रणाली, डिजिटल सेवाओं और किसानों, महिलाओं व युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी ली।
मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि सहकारिता, विशेषकर बैंकिंग क्षेत्र में हरियाणा ने बेहतर काम किया है। वहां की पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनहितकारी योजनाएं अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय हैं। उत्तराखंड भी सहकारी बैंकिंग में हरियाणा के नवाचारों को अपनाएगा।
डॉ. रावत ने राज्य सरकार की दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण वितरण योजना की सफलता साझा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिकी मजबूत हुई है। यह योजना सहकारिता आधारित कृषि क्षेत्र में प्रभावी परिणाम दे रही है।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने हरियाणा स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक के नवनियुक्त अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में बैंक नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
हरियाणा बैंक के अध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने डॉ. रावत का स्वागत करते हुए कहा कि डॉ. रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड ने सहकारिता में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। शून्य प्रतिशत ब्याज ऋण योजना और सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण की चर्चा हरियाणा सहित अन्य राज्यों में भी हो रही है।
