*देहरादून, 05 अगस्त 2026*
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित दैनिक जनसुनवाई में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और शहर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और पेंशन से जुड़े कई मामले उनके समक्ष रखे गए।
मंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया।
जनसुनवाई के दौरान टिहरी गढ़वाल के जौनपुर तहसील के ग्राम सनाब मल्ला निवासी युवा किसान कुलदीप शाह ने भी मंत्री से मुलाकात की। कुलदीप ने बताया कि कोरोना काल के बाद उन्होंने गांव में रिवर्स पलायन कर बागवानी शुरू की। उद्यान विभाग की एप्पल मिशन योजना के तहत लगाए गए हाई-डेनसिटी सेब के पौधों से पहले ही वर्ष में 250 से अधिक पेटियों का उत्पादन मिला, जिससे उन्हें अच्छी आय हुई।
युवा किसान की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कृषि मंत्री ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुलदीप जैसे युवा अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बनेंगे और रिवर्स पलायन के साथ आधुनिक बागवानी को बढ़ावा देंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार एप्पल मिशन, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट सहित विभिन्न बागवानी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रही है। इन योजनाओं से युवा किसान स्वरोजगार की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
