*देहरादून, 05 अगस्त 2026*

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की 114वीं बोर्ड बैठक बुधवार को गढ़वाल आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में देहरादून-मसूरी क्षेत्र के नियोजित विकास से जुड़े करीब 25 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को नियमानुसार मंजूरी दी गई।

बैठक में लैण्ड पूलिंग योजना, पर्यटन अवसंरचना, होटल, औद्योगिक भवन, रिटेल आउटलेट, प्रोफेशनल ऑफिस, आश्रम, हॉस्टल और रेस्टोरेंट निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल थीं। इन फैसलों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

बैठक की शुरुआत उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने गढ़वाल आयुक्त और बोर्ड सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद 113वीं बैठक की अनुपालन आख्या अनुमोदित की गई। बैठक में विकासनगर के कल्याणपुर परगना पछवादून में एमडीडीए द्वारा लैण्ड पूलिंग योजना के तहत खरीदी गई भूमि के प्रथम चरण के तलपट के भू-उपयोग को निःशुल्क परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने अनुमति दी।

पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए होटल, औद्योगिक भवन और रिटेल आउटलेट निर्माण से जुड़े प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई। बोर्ड ने सभी मामलों में नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*बंशीधर तिवारी ने कहा* कि लैण्ड पूलिंग सहित विभिन्न परियोजनाओं को गति देने से निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्राधिकरण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

*सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा* कि स्वीकृत सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक परियोजना को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *