*देहरादून, 06 अगस्त 2026*
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार सुबह सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने को कहा।
सीएम ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर निगरानी की जाए, नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट और शेष जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सचिव ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की कि मौसम की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मार्ग व मौसम की जानकारी लें। अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
