*देहरादून, 06 अगस्त 2026*
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) पहुंचकर मानसून और बारिश से उत्पन्न स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनजीवन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ 24×7 अलर्ट मोड में काम करें।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से मुख्य सचिव ने वर्षा, नदियों के जलस्तर, बंद सड़कों, भूस्खलन, राहत-बचाव, बिजली, पेयजल और संचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एसईओसी को सभी जनपदों से लगातार समन्वय रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
*बंद सड़कें शीघ्र खोलें*
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से दूरभाष पर बात कर स्थिति जानी। उन्होंने बंद सड़कों को प्राथमिकता से खोलने, भूस्खलन संभावित स्थानों पर मशीनरी तैनात रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप व उपकरण पर्याप्त संख्या में रखने को कहा। जिलाधिकारियों को नियमित फील्ड भ्रमण और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
*यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा*
बैठक में चारधाम, कांवड़ और कैलाश मानसरोवर यात्रा की भी समीक्षा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि मौसम की वास्तविक स्थिति देखकर ही यात्रा संचालित हो। अधिक बारिश या मार्ग बंद होने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर सुविधाएं दी जाएं और स्थिति सामान्य होने पर ही आगे भेजा जाए।
*अन्य अहम निर्देश*
– डैम/बैराज से पानी छोड़ने पर डाउनस्ट्रीम और सीमावर्ती राज्यों को पूर्व में अलर्ट किया जाए।
– संचार बाधित होने पर वैकल्पिक प्रणाली और सैटेलाइट फोन हर समय क्रियाशील रहें।
– बिजली, पेयजल, संचार सेवाओं की बहाली सर्वोच्च प्राथमिकता पर हो।
– मौसम की चेतावनी राज्य से ग्राम स्तर तक समय पर पहुंचे, ताकि जनहानि न्यूनतम हो।
