*हरिद्वार, 6 अगस्त 2026*

वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा को संत समाज का आशीर्वाद मिला है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को हरिद्वार में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह कांवड़ यात्रा 10 अगस्त को हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर तक जाएगी। यात्रा का उद्देश्य 2036 में भारत को ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना के साथ जनजागरण का संदेश देना है।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के उस संकल्प का प्रतीक है जिसमें भारत 2036 के ओलंपिक की मेजबानी करे। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह संकल्प देश की खेल प्रतिभाओं और युवाओं की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। संत समाज का आशीर्वाद इस अभियान को नई ऊर्जा देगा।

रेखा आर्या ने कहा कि जब आस्था के साथ राष्ट्रहित और खेल संस्कृति का भाव जुड़ता है तो वह जनआंदोलन बन जाता है। उन्हें विश्वास है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा और संतों के आशीर्वाद से भारत का यह सपना अवश्य साकार होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *