*देहरादून, 8 अगस्त 2026*। प्रदेश के *10 हजार बेरोजगार युवाओं* को देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार दिलाने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा।
शुक्रवार को शासकीय आवास पर विद्यालयी, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री *डॉ. धन सिंह रावत* ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देना है। अब तक 42 हजार युवाओं को स्थाई, संविदा और आउटसोर्स के माध्यम से रोजगार दिया जा चुका है।
*4 जिलों में लगेंगे रोजगार मेले*
डॉ. रावत ने बताया कि अगले चार माह में *गढ़वाल मंडल में श्रीनगर और देहरादून* तथा *कुमाऊं मंडल में काशीपुर और अल्मोड़ा* में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में पॉलिटेक्निक, आईटीआई, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पासआउट और अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ ही विद्यालयी शिक्षा के व्यावसायिक कोर्स कर चुके छात्र, उच्च शिक्षा के छात्र और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवा भी भाग ले सकेंगे।
रोजगार मेलों के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह में *निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण* प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की भी भागीदारी होगी। इसके लिए जल्द ही उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
*मीडिया सेल गठित करने के निर्देश*
बैठक में मंत्री ने सभी विभागीय मुख्यालयों में *मीडिया सेल* गठित करने के भी निर्देश दिए। इसका कार्य विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया अपडेट करने के साथ सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना होगा। प्रत्येक सेल में आईटी दक्ष 3 कार्मिक शामिल किए जाएंगे।
