*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मानसून, आपदा प्रबंधन और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान सतर्कता बढ़ाकर आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संपर्क में रहें और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारियां सुनिश्चित करें।
बैठक में सीएम ने मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों और अवरुद्ध मार्गों का विवरण तैयार कर मानसून समाप्त होते ही मरम्मत कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि *15 अक्टूबर तक किसी भी स्थिति में प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए*। इसके लिए जिलाधिकारी कार्ययोजना बनाकर समिति गठित करें और नियमित निगरानी करें।
मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में तेजी लाने, 1905 हेल्पलाइन की समीक्षा, सत्यापन अभियान में तेजी और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पुरानी सड़कों के सुधार के निर्देश भी दिए। साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं को समयबद्ध पूरा करने, स्वच्छता अभियान, नशे के खिलाफ कार्रवाई और कृषि-पशुपालन योजनाओं से अधिक लाभार्थियों को जोड़ने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आयुक्त कुमाऊं-गढ़वाल, आईजी और सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
