*हरिद्वार/ऋषिकेश।* भारत को 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को हरिद्वार की हर की पौड़ी से 22 किलोमीटर लंबी विशेष कांवड़ यात्रा शुरू की। सुबह 7 बजे गंगाजल उठाकर शुरू हुई यह यात्रा भारी बारिश के बीच भी जारी रही।

हर-हर महादेव, भारत माता की जय और जय देवभूमि के नारों के बीच निकली यात्रा में हजारों खिलाड़ी, एथलीट, युवा, महिलाएं और आमजन शामिल हुए। यात्रा के दौरान 4 पड़ावों पर लोगों ने पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महंत हरि गिरि महाराज और अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज भी साथ रहे।

खेल मंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और भारत को खेल महाशक्ति बनाने के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य देश से जुड़ा हो तो परिस्थितियां कदम नहीं रोक सकतीं।

ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में गंगाजल से जलाभिषेक कर यात्रा संपन्न हुई। इस दौरान रेखा आर्या ने घोषणा की कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए सरकार काम कर रही है।

यात्रा में धर्म, राष्ट्र और खेल चेतना का संगम देखने को मिला। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह अंत तक बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *