*देहरादून।* दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल अग्निकांड प्रकरण में कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रहे उत्तराखंड निवासी *शेफ केशव नेगी* ने आज मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री *पुष्कर सिंह धामी* से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से मिले सहयोग और संवेदनशीलता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने श्री नेगी का कुशलक्षेम जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि *उत्तराखंड सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है*। सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार का दायित्व है कि वह अपने नागरिकों का मनोबल बढ़ाए और उन्हें न्यायोचित सहायता दे। उन्होंने अधिकारियों को भी ऐसे मामलों में समन्वय बनाकर सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री धामी ने श्री केशव नेगी से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना था और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया था। इस मामले में मुख्यमंत्री ने *दिल्ली की मुख्यमंत्री* से भी बातचीत की थी।
मुख्यमंत्री के सहयोग के बाद आज श्री केशव नेगी परिवार सहित मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और एक बार फिर आभार जताया।
