*चमोली 14 अगस्त, 2026
मायापुर-पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी घटनास्थल का जायजा लेकर जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे। यहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनसे बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के स्वास्थ्य और उपचार के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर सुविधा दी जाए और उपचार में कोई कमी न रहे। उन्होंने घायलों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी और जरूरत के अनुसार सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धामी ने कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति की जान हमारे लिए बहुत कीमती है। टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू अभियान में किसी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना में प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना देने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं बात की है। साथ ही टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
