*देहरादून/रामनगर।* उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाफल सुधार परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। इसके बाद बोर्ड परीक्षा के कुल पास प्रतिशत में भी बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
परिषद के सभापति एवं निदेशक माध्यमिक शिक्षा वी.पी. सिमल्टी ने बताया कि सुधार परीक्षा-2026 (प्रथम) में हाईस्कूल का परिणाम 83.13 फीसदी रहा। इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 82.61 और बालिकाओं का 84.34 फीसदी रहा। इंटरमीडिएट में कुल परिणाम 73.35 फीसदी रहा, जिसमें बालक 71.20 और बालिकाएं 76.07 फीसदी उत्तीर्ण हुईं।
सुधार परीक्षा के बाद हाईस्कूल का कुल पास प्रतिशत 92.10 फीसदी से बढ़कर 96.07 फीसदी हो गया है। इसमें बालक 93.94 और बालिकाएं 98.14 फीसदी उत्तीर्ण हैं। इसी तरह इंटर का परिणाम 85.11 फीसदी से बढ़कर 91.80 फीसदी पहुंच गया। इसमें बालक 89.26 और बालिकाएं 94.16 फीसदी पास हुईं।
साथ ही परिषद ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा 2025 (तृतीय) का परिणाम भी जारी किया। इसमें हाईस्कूल का पास प्रतिशत 66.67 और इंटर का 58.70 फीसदी रहा।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सुधार परीक्षा अनुत्तीर्ण छात्रों और अंक सुधार चाहने वालों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बधाई दी।
