*देहरादून।* मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ओलंपिक-2036 के लिए उत्तराखण्ड से प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने को लेकर खेल विभाग के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक क्षमता के अनुरूप खेलों की पहचान कर खिलाड़ियों को अभी से वैज्ञानिक और व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने टैलेंट हंट कार्यक्रम व्यापक स्तर पर चलाने और प्रतिभाओं के चयन के लिए रोबस्ट व वैज्ञानिक प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों को चिह्नित कर उनके लिए कोचिंग, फिटनेस और अन्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने स्कूल स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान पर जोर देते हुए पीटीआई के सेंसिटाइजेशन और कोचों की क्षमता निर्माण पर भी ध्यान देने को कहा। साथ ही वर्तमान के अच्छे खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर भविष्य के कोच के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने बच्चों के चयन, कोच की उपलब्धता और प्रशिक्षण शुरू करने की टाइमलाइन तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने कहा कि उचित मंच और संसाधन देकर उत्तराखण्ड की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत उपस्थिति दिलाई जा सकती है।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *