*देहरादून।* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने और आवेदकों को अनावश्यक परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

*399 पत्रावलियां होंगी रिसबमिट*

बैठक में बताया गया कि एमडीडीए में ऑनलाइन प्राप्त 399 मानचित्र पत्रावलियां निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद तकनीकी त्रुटि के कारण स्वतः Auto Reject या Deemed Approved हो गई थीं। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इन सभी पत्रावलियों को निरस्त कर संबंधित आवेदकों से दोबारा Resubmit कराया जाए। इसके बाद नियमानुसार ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

*डुप्लीकेट फाइलों की समस्या का स्थायी समाधान*

ऑनलाइन प्रणाली में एक ही आवेदन के सापेक्ष डुप्लीकेट फाइलें बनने की समस्या भी सामने आई। इस पर तकनीकी खामी की जांच कर प्रभावित पत्रावलियों को शीघ्र ठीक करने को कहा गया। भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो इसके लिए सिस्टम में जरूरी सुधार किए जाएंगे।

*समय-सीमा से पहले मिलेगा अलर्ट*

पत्रावलियों के निस्तारण के लिए ऑनलाइन प्रणाली में Pop-up, Notification और Alert की सुविधा विकसित की जाएगी। इससे अधिकारी को समय-सीमा पूरी होने से पहले लंबित पत्रावली की जानकारी मिलेगी और Auto Reject की स्थिति रोकी जा सकेगी।

*डेडिकेटेड सर्वर और AI सिस्टम बनेगा*

डिजिटल डाटा की सुरक्षा के लिए एमडीडीए का Dedicated Server विकसित किया जाएगा। साथ ही सुरक्षित बैकअप और AI आधारित एप्लिकेशन तैयार करने के निर्देश दिए गए। इससे एमडीए से संबंधित डाटा एक ही सर्च में उपलब्ध होगा और कामकाज में तेजी आएगी।

*रोज होगा वित्तीय Reconciliation*

वित्तीय मॉड्यूल की समीक्षा में उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रतिदिन की वित्तीय प्रविष्टियों का Reconciliation उसी दिन पूरा किया जाए। लंबित Balance Sheets को प्राथमिकता से तैयार कर अपडेट किया जाए।

बैठक में सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र प्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी कमियों को चिन्हित कर समाधान किया जा रहा है। डाटा सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष फोकस है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *