*चंपावत।* स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में चंपावत जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरूवार को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के साथ सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत कर रही है। इस यूनिट के शुरू होने से अब जिले में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को प्लेटलेट्स, प्लाज्मा और अन्य रक्त घटक समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे पहले कुमाऊं मंडल में यह सुविधा केवल रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में ही उपलब्ध थी।

स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस सुविधा से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिलेगा और उन्हें दूसरे जिलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार हो चुका है। साथ ही सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट की सुविधा भी शुरू की जा चुकी है। 11.71 करोड़ रुपये से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *