*देहरादून।* मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के विजन को आगे बढ़ाते हुए मियांवाला में एक और पर्यावरणीय तोहफा दिया है। सिटी फॉरेस्ट के बाद अब मियांवाला स्थित जौहड़ की भूमि और पुराने तालाब का 8.63 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कर इसे आधुनिक “जल-सृष्टि पार्क” के रूप में विकसित किया गया है।

एमडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पार्क का निरीक्षण कर रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि जलस्रोत का संरक्षण, जलीय जीवों के लिए अनुकूल वातावरण और आमजन को बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है।
पार्क में उत्तराखंड की पारंपरिक पहाड़ी शैली में मुख्य प्रवेश द्वार, योग डेक, योग मूर्तिकला, गजीबो, वॉकिंग ट्रैक, गार्डन बेंच, कैंटीन, स्वच्छ शौचालय और सुरक्षा रेलिंग बनाई गई हैं। तालाब में नौकायन की सुविधा के साथ जलीय फूल, मछलियां और हरियाली से पार्क की खूबसूरती बढ़ाई गई है।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण जरूरी है। मियांवाला जल-सृष्टि पार्क विकास और पर्यावरण संरक्षण का बेहतर उदाहरण है। आने वाले समय में भी ऐसे प्राकृतिक जलस्रोतों को संरक्षित करने का प्रयास जारी रहेगा।
