*देहरादून, 24 अगस्त 2026*
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन और कनेक्शन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने गैस कंपनियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश खत्म होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही युद्धस्तर पर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जाए। *खासतौर पर हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले PNG से जुड़े सभी काम पूरे करने* के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जिलों में एजेंसियों को अपनी कार्ययोजना देने को कहा, ताकि जहां नई सड़कें बननी हैं, वहां पहले से ही PNG पाइपलाइन का प्रावधान किया जा सके। इससे बार-बार सड़क खोदने से बचा जा सकेगा।
मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को PNG इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि आवंटन, किराये और लीज को लेकर स्पष्ट नीति जल्द तैयार करने को कहा। रोड कटिंग और रोड डिगिंग पॉलिसी को भी इसमें शामिल किया जाएगा। साथ ही हर एजेंसी को साप्ताहिक लक्ष्य के साथ टाइमलाइन बनाकर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत सब्सिडी का लाभ लेने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर सचिव रुचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बी.एल. राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
