देहरादून, 27 अगस्त। दून पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिछड़ी हुई महिला को उसके परिवार से मिलाकर परिवार की खुशियां लौटाई हैं।

मामला थाना रानीपोखरी क्षेत्र का है। आज दिनांक 27 अगस्त को पुलिस टीम को सूर्यधार क्षेत्र में एक महिला अकेली घूमती हुई मिली। महिला की स्थिति देखकर वह मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। ऐसे में सुरक्षा और मानवीय दृष्टिकोण के चलते पुलिस टीम ने तत्काल उसे अपने साथ थाना रानीपोखरी परिसर में लाकर प्रेमपूर्वक पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान महिला ने अपना पता सौडा सरोली, थाना रायपुर, जनपद देहरादून बताया। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके परिजनों की खोजबीन शुरू की और परिजनों को सूचित किया। सूचना पाकर महिला के पिता थाना रानीपोखरी पहुंचे, जहां सभी औपचारिकताओं के बाद पुलिस द्वारा महिला को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द किया गया।

परिजनों ने अपनी बेटी को सकुशल पाकर दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में महिला उपनिरीक्षक दीपशिखा, महिला कांस्टेबल रीना पुंडीर और रजनी बिष्ट शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *