*लोहाघाट (चंपावत):* प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को लोहाघाट पहुंचकर देश के प्रथम महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर, छात्रावास, भोजनालय, क्लासरूम और स्टेडियम में खेल सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद खेल मंत्री ने कॉलेज में अध्ययनरत बालिकाओं के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी दैनिक दिनचर्या, पढ़ाई, खान-पान और खेल अभ्यास के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी कुछ समस्याएं मंत्री के सामने रखीं, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
छात्राओं को संबोधित करते हुए खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जीवन में लक्ष्य का होना बहुत जरूरी है। बिना लक्ष्य के सफलता नहीं मिलती। उन्होंने कहा कि पहले अभिभावक बच्चों को खेल में नहीं भेजना चाहते थे, लेकिन अब समय बदल गया है। आज शिक्षा के साथ-साथ खेल को भी उतना ही महत्व दिया जा रहा है। सरकार खिलाड़ियों को हर सुविधा दे रही है।
उन्होंने कहा कि लोहाघाट का यह स्पोर्ट्स कॉलेज उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के लिए गौरव है। यहां से निकलने वाली बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
खेल मंत्री ने प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा को निर्देश दिए कि कॉलेज की छात्राओं को देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया जाए, ताकि वे वहां की व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण और दिनचर्या को करीब से देख और समझ सकें।
इसके बाद खेल मंत्री ने छात्राओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए आवागमन के लिए नई बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस बस के संचालन से छात्राओं को अब आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और उनके समय की भी बचत होगी।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगोली, प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, बॉक्सिंग कोच रजवंत कौर, बैडमिंटन कोच साक्षी राणा, एथलेटिक्स कोच कमला, कंप्यूटर ऑपरेटर मनीषा सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
