*देहरादून:* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार रात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया। उन्होंने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ और यशस्वी जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उनके मार्गदर्शन में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और आत्मनिर्भरता व विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष स्नेह रहा है। उनके मार्गदर्शन में राज्य में कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण की परियोजनाओं को नई गति मिली है। उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के प्रति उत्तराखंड की जनता के स्नेह, सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक है। यह ज्योति राष्ट्र की निरंतर प्रगति और समृद्धि की मंगलकामना को भी व्यक्त करती है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में सेवा और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे सेवा और समर्पण की भावना मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहा है और उत्तराखंड भी विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य के साथ इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *