*पिथौरागढ़:* जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 25 सितंबर से शुरू होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा, इसकी गंभीरता को देखते हुए इसे व्यापक स्तर पर प्रचारित-प्रसारित किया जाए। कोई भी आंगनबाड़ी केंद्र इस अभियान से अछूता न रहे, अधिकारी इसे सुनिश्चित करें।
मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी बहनों, कार्यकर्तियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना, वात्सल्य योजना और महालक्ष्मी किट सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस अवधि में विभिन्न विभागों के शिविर लगाए जाएं और सभी कार्यक्रमों की फोटो-वीडियोग्राफी की जाए। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगाईं, एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे, सीडीओ दीपक सैनी सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
