*देहरादून:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड के 100 प्रमुख ट्रेक और हाइक रूट्स की GPS/GIS मैपिंग के लिए अभियान दल को फ्लैग ऑफ किया। पर्यटन विकास परिषद की टीमें अब इन रूट्स का स्थलीय सर्वेक्षण कर वैज्ञानिक मैपिंग करेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में ट्रेकिंग की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग से ट्रेकिंग को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाया जाएगा। मैपिंग से ट्रेकर्स को रूट की पूरी जानकारी मिलेगी और आपदा की स्थिति में रेस्क्यू में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पर्यटन के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस परियोजना से दूरस्थ क्षेत्रों में पर्यटन बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए गाइडिंग, होमस्टे और पर्यटन से जुड़े रोजगार के नए अवसर बनेंगे।

सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल ने बताया कि मैपिंग के आधार पर ऑफलाइन और ऑनलाइन GPS नेविगेशन ऐप विकसित किया जाएगा, जिससे बिना नेटवर्क के भी ट्रेकर्स को रास्ते की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही उत्तराखंड ऐसा ऐप विकसित करने वाला देश का पहला राज्य बनेगा।

मैपिंग के दौरान कैंप साइट, डस्टबिन और शौचालय के लिए उपयुक्त स्थानों को भी चिन्हित किया जाएगा, ताकि ट्रेक रूट्स पर सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण पर बेहतर काम हो सके।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, अपर सचिव अभिषेक रुहेला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *