*हरिद्वार।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पतंजलि वेलनेस योगग्राम, औरंगाबाद हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया।
सीएम ने कहा कि हरिद्वार में गुरुकुलम् का शुभारंभ भारत की गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक युग से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। यहां आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय होगा, जो नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर दिया गया है और उत्तराखंड उसे प्रभावी रूप से लागू कर रहा है। दून विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है।
इस दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
