*देहरादून।* प्रदेश के 20,067 आंगनबाड़ी केंद्रों में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को विकास भवन सभागार देहरादून में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। हरिद्वार और बागेश्वर के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।

बैठक में बताया गया कि पहले चरण में देहरादून के 1,907, हरिद्वार के 3,179 और बागेश्वर के 834 आंगनबाड़ी केंद्रों सहित कुल 5,920 केंद्रों पर कार्यक्रम होगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी की जाएं, आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने कहा कि “आंगन का मिलन” को केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में लिया जाए। इसके माध्यम से महिलाओं, बच्चों और बालिकाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो और अन्य को प्रेरणा मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण और बच्चों को बेहतर वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने चेतावनी दी कि क्रियान्वयन में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *